रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, सलेथू में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजीव सिंह, प्रधानाचार्य एस.एल. प्रजापति तथा उप-प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक झांकियां, भजन, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सजीव मंचन कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने भाषण प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन धनराशि देकर सम्मानित किया गया। इसमें मनीषा श्रीवास्तव को बेस्ट मदर टीचर अवॉर्ड, बीरेन्द्र कुमार को बेस्ट हाउस इंचार्ज, पूजा श्रीवास्तव, सुनीता तिवारी, प्रेम शंकर एवं बृजराज यादव को विभिन्न वर्गों में बेस्ट क्लास टीचर अवॉर्ड प्रदान किया गया।
वहीं आलोक पांडेय को को-करिकुलर एक्टिविटी अवॉर्ड तथा मो. अरशद को डायनेमिक टीचर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। अधिकतम औसत अंक अवॉर्ड भी विभिन्न विंग के शिक्षकों को प्रदान किए गए।विशेष आकर्षण के रूप में शिक्षक दिवस पर विद्यालय का संचालन छात्र-छात्राओं ने संभाला। हाईस्कूल टॉपर राजवीर सिंह ने प्रभारी प्रधानाचार्य तथा प्राप्ति मौर्या ने उप-प्रधानाचार्या की भूमिका निभाई। हेड बॉय अनमोल सिंह और हेड गर्ल खुशी चौरसिया ने विद्यालय संचालन में सहयोग किया।
विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका निभाकर शिक्षण कार्य का अनुभव प्राप्त किया।प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीकृष्ण के कर्म, सत्य, धर्म और कर्तव्य के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
