रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। लगातार हो रही बारिश ने क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। विकासखंड महराजगंज की पाली ग्राम पंचायत के पूरे बाबू जी का पुरवा में खेतों में भारी जलभराव हो गया है, जिससे सैकड़ों बीघे में खड़ी धान की फसल पानी में डूब गई। फसल चौपट होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार गांव के आसपास के खेतों में कई दिनों से पानी जमा है।
जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण धान की फसल लगातार पानी में डूबी हुई है। किसानों का कहना है कि खेती में बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर पहले ही काफी खर्च हो चुका था, लेकिन अब फसल बर्बाद होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है।किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहरा सकता है।ग्राम प्रधान दुजाई ने बताया कि सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल अमित शुक्ला मौके पर पहुंचे और जलभराव वाले खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से जानकारी भी ली, लेकिन अब तक नुकसान के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निरीक्षण के बाद भी किसानों को राहत या मुआवजे के संबंध में कोई आश्वासन नहीं मिला।वहीं, जब क्षेत्रीय लेखपाल अमित शुक्ला से फोन पर संपर्क कर फसल नुकसान और प्रभावित क्षेत्र के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने इस संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
मौके पर ग्राम प्रधान दुजाई के साथ बालकरन सिंह, रविंद्र सिंह, अनूप सिंह, जंग बहादुर सिंह, चंद्रभूखन सिंह, पृथ्वीपाल सिंह, नागेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, राम सिंह, शत्रोहन सिंह, रामदुलारे सिंह, शिव प्रताप सिंह, राजेश सिंह, शीतला सिंह, राम प्रताप, अवधेश, नन्हू सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
