गुरबख्शगंज के मलिकमऊ चौबारा गांव की घटना, परिजनों में मचा कोहराम।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/ गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के मलिकमऊ चौबारा गांव में शुक्रवार को घरेलू बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, मलिकमऊ चौबारा निवासी राजेंद्र कुमार त्रिवेदी (पुत्र शिव कुमार) घर पर किसी कार्य में लगे हुए थे।
इसी दौरान अचानक वह घरेलू बिजली के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जतुवा टप्पा पहुंचाया।सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार ने युवक को बचाने के लिए सीपीआर सहित सभी आवश्यक चिकित्सीय प्रयास किए, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
