सत्यनारायण कथा कर नगर पालिका को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना, सड़क जाम कर जताया अनोखा विरोध।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर में जनसमस्याओं और विकास कार्यों की अनदेखी के विरोध में नागरिकों ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही भगवान सत्यनारायण की कथा का आयोजन कर नगर पालिका अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क जाम रही, जिससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर पालिका को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि प्राप्त होती है, लेकिन उसका समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। शहर की सड़कों, नालियों, सफाई व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे आम जनता परेशान है।इसी के विरोध में लोगों ने सत्यनारायण कथा का आयोजन कर जिम्मेदार अधिकारियों को सद्बुद्धि प्रदान करने की भगवान से प्रार्थना की।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण भी किया गया प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न करना नहीं, बल्कि नगर पालिका प्रशासन का ध्यान शहर की समस्याओं और विकास कार्यों की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने मांग की कि नगर पालिका में आने वाली धनराशि का पारदर्शी और जनहित में उपयोग किया जाए,

ताकि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से मिल सकें।अनोखे विरोध प्रदर्शन की चर्चा दिनभर शहर में होती रही और बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भागीदारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

Related posts