रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। कस्बे के रायबरेली रोड स्थित हीरो होंडा एजेंसी के पास शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार वर्षीय मासूम सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार अमेठी जिले के सिंहपुर निवासी शिवांशु दीक्षित अपनी पत्नी मोहिनी दीक्षित और चार वर्षीय पुत्र सारांश दीक्षित के साथ बाइक से रायबरेली जा रहे थे। इसी दौरान महराजगंज कस्बे से आगे हीरो होंडा एजेंसी के सामने सामने से आ रहे सारीपुर निवासी बाइक सवार मोनू की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को सीएचसी पहुंचाया।सीएचसी के चिकित्सक डॉ. पीयूष सिंह ने बताया कि चार वर्षीय सारांश दीक्षित के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दोनों बाइक चालकों और महिला मोहिनी दीक्षित को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
