रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के सलेथू स्थित न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घास काटने के दौरान एक माली करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गया। स्कूल कर्मियों की तत्परता से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जमुरवा गांव निवासी रामबरन पुत्र ईश्वरदीन न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में माली के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार को वह विद्यालय परिसर के पार्क में इलेक्ट्रिक घास काटने वाली मशीन से साफ-सफाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मशीन में अचानक विद्युत प्रवाह आ जाने से वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और तत्काल उन्हें सुरक्षित कर अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। सीएचसी महराजगंज के चिकित्सक डॉ. पीयूष सिंह ने बताया कि करंट लगने से घायल व्यक्ति का उपचार किया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
