जिला कारागार में भक्तिभाव के साथ मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, बंदियों ने सजाईं आकर्षक झांकियां।

मटकी फोड़ कार्यक्रम और सांस्कृतिक आयोजनों में बंदियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिला कारागार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कारागार परिसर को रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और आकर्षक झांकियों से भव्य रूप से सजाया गया। जन्माष्टमी उत्सव को लेकर बंदियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि जेल परिसर की अधिकांश सजावट बंदियों द्वारा स्वयं तैयार की गई।

बंदियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का परिचय देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी विभिन्न झांकियां सजाईं, जिन्हें देखने वाले सभी लोग उनकी प्रतिभा की सराहना करते नजर आए। पूरे परिसर में भक्ति गीतों और कृष्ण भजनों की मधुर धुनों से धार्मिक वातावरण बना रहा।

जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का विधिवत आयोजन किया गया। इसके साथ ही मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने अनुशासन और उत्साह का परिचय देते हुए पर्व को यादगार बना दिया।जेल अधीक्षक प्रभात सिंह ने बताया कि कारागार में समय-समय पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे बंदियों के मानसिक और नैतिक विकास को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि इस बार जन्माष्टमी की पूरी सजावट बंदियों द्वारा की गई है, जो उनकी रचनात्मक क्षमता और सकारात्मक सोच को दर्शाती है।

कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। जन्माष्टमी के इस आयोजन ने कारागार परिसर को आध्यात्मिक माहौल से सराबोर कर दिया और बंदियों के चेहरे पर खुशी एवं उत्साह साफ दिखाई दिया।

Related posts