शिक्षक दिवस पर 40 शिक्षक सम्मानित, उत्कृष्ट कार्यों की हुई सराहना

कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ जिला स्तरीय समारोह, 2 केजीबीवी वार्डन, 2 उत्कृष्ट एमआरपी व एसआरजी को भी मिला सम्मान

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। शिक्षक दिवस कार्यक्रम-2026 के तहत जनपद स्तरीय समारोह कलेक्ट्रेट सभागार सीतापुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान तथा नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण/पुष्प अर्पित कर किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत पर्यावरणीय पौधे, बुके एवं ओडीओपी के अंतर्गत दरी भेंट कर किया। कम्पोजिट विद्यालय जमैयतपुर के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्यमंत्री के शिक्षक दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित लोगों को दिखाया गया।

40 शिक्षकों सहित उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान:शिक्षक दिवस समारोह में प्रत्येक विकासखंड से दो-दो, कुल 40 शिक्षकों को विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षक सम्मान प्रमाण पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 2 केजीबीवी वार्डन, 2 उत्कृष्ट एमआरपी तथा सभी एसआरजी को भी सम्मानित किया गया। जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान खैराबाद के वरिष्ठ प्रवक्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, समग्र शिक्षा, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एआरपी, एसआरजी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं सहित करीब 300 लोग शामिल हुए।

अंत में उपस्थित शिक्षकों, कार्यालय कार्मिकों एवं अतिथियों को लंच पैकेट व पानी वितरित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

Related posts