पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ : डीएम।

समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने समाज कल्याण विभाग एवं सोशल सेक्टर से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण कर लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य तेज किया जाए।

पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने लाभार्थियों के सत्यापन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि पेंशन की धनराशि बिना किसी बाधा के लाभार्थियों के खातों में पहुंचती रहे। छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन और सत्यापन कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।

शादी अनुदान एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार लाभान्वित हो सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा शीघ्र आयोजन कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts