निराश्रित महिला ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में दी शिकायत, उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार का भी लगाया आरोप।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
लालगंज, रायबरेली।तहसील लालगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक निराश्रित महिला ने क्षेत्रीय लेखपाल दिनेश कुमार सविता पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत पत्र सौंपा है। महिला ने आरोप लगाया है कि लेखपाल ने उसके जर्जर एवं आंशिक रूप से ध्वस्त मकान के मामले में पक्षपातपूर्ण ढंग से गलत रिपोर्ट लगाई, रिश्वत की मांग की तथा उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया।
ग्राम मलके गांव निवासी सुमन द्विवेदी ने शिकायत में बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी बेटी के साथ अत्यंत कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही हैं। भारी बारिश के चलते उनका कच्चा मकान आधे से अधिक क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे परिवार को जर्जर आवास में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोगों द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इस संबंध में 11 अगस्त को थाना सरेनी में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ। महिला का कहना है कि मामले की जांच के दौरान लेखपाल दिनेश कुमार सविता ने वास्तविक स्थिति को नजरअंदाज करते हुए 12 अगस्त को गलत और एकतरफा रिपोर्ट लगा दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब महिला ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताई तो लेखपाल ने कथित रूप से रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने में असमर्थता जताने पर उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा उसकी बेटी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे दोनों महिलाएं मानसिक तनाव और भय के माहौल में जीने को विवश हैं।
पीड़िता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लेखपाल दिनेश कुमार सविता की निष्पक्ष जांच कराई जाए, गलत रिपोर्ट को निरस्त किया जाए तथा दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मकान की पुनः जांच कराकर आपदा राहत दिलाने और कथित उत्पीड़न करने वाले लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रकरण की शिकायत सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचने के बाद अब प्रशासनिक कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
