मा0 सांसद राहुल गांधी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 09 सितम्बर। रायबरेली सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) के अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दिशा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अमेठी सांसद एवं समिति के सह-अध्यक्ष किशोरी लाल शर्मा, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, उज्ज्वला योजना, कौशल विकास योजना सहित अन्य योजनाओं का बिंदुवार प्रस्तुतीकरण किया।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं की समीक्षा कर समय पर पेंशन वितरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जल निकायों के संरक्षण, मरम्मत एवं पुनरुद्धार कार्यों को प्राथमिकता देने तथा जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के दौरान सांसद ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की जर्जर स्थिति, जन सुविधाओं तथा विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। इस पर राहुल गांधी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि रायबरेली विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके।

बैठक में जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी, एमएलसी गोविन्द नारायण शुक्ला, विधायक अशोक कुमार, श्याम सुन्दर भारती, राहुल राजपूत, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, डीएफओ प्रखर मिश्रा, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी मनोज कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts