दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी पर हमला, लोहे की रॉड और डंडों से पीटने का आरोप; जान से मारने की धमकी।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जनपद के भदोखर थाना क्षेत्र में एक व्यापारी पर कथित तौर पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला व्यापारी हेमा गुप्ता ने थाना भदोखर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेरकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।प्रार्थना पत्र के अनुसार, मुंशीगंज निवासी हेमा गुप्ता अपनी दुकान बंद कर बीती रात घर लौट रही थीं।
आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड, डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।पीड़िता का आरोप है कि हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं तथा आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
उन्होंने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना घट सकती है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
