रायबरेली को मिली 100 करोड़ से अधिक की विकास सौगात, शहरी विस्तार को मिली हरी झंडी

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना को मंत्रिपरिषद की मंजूरी, शहर में बेहतर सड़क, आवास और आधारभूत सुविधाओं का खुलेगा रास्ता।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्ट रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। जनपद के सुनियोजित और आधुनिक शहरी विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत रायबरेली के लिए भेजे गए प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी,

जिससे शहर के विस्तार और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।जिलाधिकारी सरनीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के स्वीकृत होने के बाद रायबरेली शहर का विकास अधिक व्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा।

इसके तहत नए आवासीय क्षेत्रों का विकास, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तथा शहरी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य होंगे।उन्होंने कहा कि यह योजना आने वाले वर्षों में रायबरेली के विकास की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

शहर के बढ़ते दायरे को ध्यान में रखते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।योजना को मिली मंजूरी के बाद जनपद में विकास की नई उम्मीद जगी है। प्रशासन अब इसके प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी में जुट गया है, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

Related posts