ओजोन संरक्षण का लिया संकल्प, छात्रों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

धारा लक्ष्य समाचार

रिपोर्ट रोहित मिश्रा रायबरेली

महाराजगंज /रायबरेली। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर न्यू स्टैंडर्ड कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सलेथऊ में “ठंडे ग्रह के लिए वैश्विक कार्रवाई” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ओजोन परत के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।मुख्य वक्ता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच है, जो सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों को रोककर मानव जीवन की रक्षा करती है।

उन्होंने बताया कि ओजोन परत के संरक्षण से त्वचा कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। साथ ही जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताते हुए सतत विकास और वैश्विक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

गोष्ठी में छात्राओं वंशिका सिंह, अंशिका पाल, गरिमा त्रिवेदी, नव्या शर्मा, सरस्वती तथा छात्र ऋषि मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण और ओजोन बचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने ओजोन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की शपथ ली।

इस अवसर पर डीएलएड प्राचार्य धीरेंद्र कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ. अरुण चौधरी, विज्ञान वर्ग के प्राध्यापक प्रेम शंकर जायसवाल, प्रगति तिवारी, रेखा मिश्रा, शफक खातून, शिवांगी शुक्ला, विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts