वृद्धजनों को अंगवस्त्र व फल वितरित कर लिया आशीर्वाद।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने वृद्धजनों को अंगवस्त्र एवं फल वितरित कर उनका कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि वृद्धजन हमारे माता-पिता और अभिभावकों के समान हैं। उनका सम्मान, सेवा और देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता की सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और उनके आशीर्वाद से ही जीवन में सफलता एवं सुख की प्राप्ति होती है।मंत्री ने कहा कि कुछ परिस्थितियों में बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में रहना पड़ता है, जो समाज के लिए चिंतन का विषय है।
उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता की सेवा करने और उन्हें सम्मान देने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए वृद्धजनों से उनके लिए आशीर्वाद देने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, अधीक्षक धनंजय सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों ने मंत्री का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
