डीएम ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र गोरा बाजार में बच्चों को वितरित किए फल एवं खिलौने

रिपोर्टर : रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 17 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गोरा बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों के बीच फल एवं खिलौनों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य, पोषण तथा केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपस्थित 35 बच्चों को फल एवं खिलौने वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिका को निर्देशित किया कि बच्चों को नियमित रूप से पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराया जाए तथा उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपलब्ध कलांकुर, चहक पुस्तिका एवं पिक्चर बुक के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण और शिक्षा दोनों समान रूप से आवश्यक हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।उन्होंने बच्चों को स्वस्थ एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में भी बताया तथा उनके साथ समय बिताकर विभिन्न गतिविधियों का उत्साहवर्धन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाते हुए सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार,सीडीपीओ संजय सिंह, मुख्य सेविका संध्या श्रीवास्तव, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री बीना देवी, सहायिका मीना देवी सहित केंद्र के बच्चे उपस्थित रहे।

Related posts