21 कंपनियों ने लिया प्रतिभाग, 976 युवाओं ने कराया पंजीकरण
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली, 05 नवम्बर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय रायबरेली की ओर से बैसवारा डिग्री कॉलेज, लालगंज परिसर में एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 21 कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान कुल 976 अभ्यर्थियों ने रोजगार पाने के लिए हिस्सा लिया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा 312 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। वहीं कुछ कंपनियों के चयन परिणाम अभी लंबित हैं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं सरेनी विधानसभा के पूर्व विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर रोजगार मेले का शुभारंभ किया।
उन्होंने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों और रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, जेके टायर, अम्बर इंटरप्राइजेज, अमॉस स्किल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड सहित कुल 21 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर कुमार, कॉलेज प्रबंधक डॉ. ब्रह्मप्रकाश सिंह एवं प्राचार्य प्रो. पुष्पा बरनवाल ने अतिथियों, नियोजकों और अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एसएस पाण्डेय एवं सर्वेश कुमार राय ने किया।
मेले के सफल आयोजन में कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक राजीव सिंह सहित सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
