छात्र राजनीति में फिर बढ़ी सरगर्मी, कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा शुरू हुआ सदस्यता अभियान

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के बाहर छात्र राजनीति एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। समाजवादी पार्टी छात्र सभा का सदस्यता अभियान शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को सदस्यता अभियान के दौरान एबीवीपी और छात्र सभा से जुड़े छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद शुक्रवार को कॉलेज गेट के बाहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान दोबारा शुरू किया गया।

गुरुवार को दोनों छात्र संगठनों के समर्थकों के बीच कहासुनी और विवाद बढ़ने के बाद मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया था, जहां दोनों पक्षों ने विरोध-प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और प्रदर्शनकारियों को हटाकर माहौल शांत कराया गया था।घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

इसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई।सूत्रों के अनुसार, लखनऊ से समाजवादी छात्र नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी रायबरेली पहुंचने वाला है। प्रतिनिधिमंडल के आगमन की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कॉलेज चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

छात्र राजनीति के इस घटनाक्रम ने शहर का माहौल गर्मा दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में यह मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है और प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने में कितना सफल रहता है।

Related posts