लाठी-डंडों से लैस साथियों को बुलाकर की बेरहमी से पिटाई, नकदी और पर्स छीनने का भी आरोप।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर के लखनऊ रोड स्थित त्रिपुला चौकी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कथित रूप से नशे में धुत कार सवार युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद तीन युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीड़ितों ने हमलावरों पर नकदी और पर्स छीनने का भी आरोप लगाया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार वी-2 जिम के पास खाना लेने गए दुर्गेश कुमार, आदर्श कुमार और संजय सोनकर उर्फ गोपी अपने वाहन से लौट रहे थे।
इसी दौरान एक कार में सवार 5-6 युवकों से ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर देखते ही देखते मारपीट पर उतारू हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद हमलावरों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जो लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और तीनों युवकों पर टूट पड़े।
हमले में दुर्गेश कुमार को गंभीर चोटें आईं, जबकि आदर्श कुमार के सिर पर गहरी चोट लगी। संजय सोनकर के पैर में चोट आने से वह भी घायल हो गए। मारपीट के दौरान क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान दुर्गेश कुमार की जेब में रखे लगभग 15 हजार रुपये निकाल लिए, वहीं आदर्श कुमार का पर्स भी गायब हो गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार मारपीट में रितिक, अरुण कुमार सिंह, प्रत्यूष यादव, आयुष यादव समेत 3-4 अन्य युवक शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद घायल युवक तत्काल त्रिपुला पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया।दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
