रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
ऊंचाहार/रायबरेली देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को समर्पित ‘वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के रायबरेली पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के रात्रि विश्राम कार्यक्रम के अंतर्गत शहर स्थित बटोही रिजॉर्ट में सेवायात्रियों के सम्मान में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भाव को रेखांकित करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में एक नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। संकल्प यात्रा का उद्देश्य इन्हीं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संदेश को मजबूत करना है।
इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और जनसेवा से ओतप्रोत रचनाओं का पाठ कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं सेवायात्रियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने यात्रा के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिनेश राठौर, क्षेत्रीय मंत्री विकास सिंह, राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष बुद्धि लाल पासी, सलोन विधायक अशोक कोरी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह दाढ़ी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुधा अवस्थी, पूर्व जिला अध्यक्ष आरबी सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य किरन सिंह, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र सिंह सहित जिला उपाध्यक्षगण, जिला महामंत्री, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने सेवा, संगठन और राष्ट्रहित के संकल्प को दोहराते हुए यात्रा की सफलता की कामना की। रायबरेली में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, संगठनात्मक एकजुटता और जनसेवा के संदेश का प्रतीक बनकर सामने आया।
