रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे फिट इंडिया अभियान के तहत लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को रायबरेली में जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, पत्रकारों एवं अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रायबरेली स्टेडियम से जागरूकता साइकिल रैली को रवाना किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को अपने दैनिक जीवन में कम से कम एक घंटा शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालने, नियमित व्यायाम करने और साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही SAI हॉस्टल से भी पत्रकारों एवं अन्य प्रतिभागियों के लिए विशेष साइकिल रैली निकाली गई।
आयोजकों ने कहा कि नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को जीवन का हिस्सा बनाकर लोग शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।SAI हॉस्टल के मैनेजर एवं सहायक स्टाफ के सहयोग से आयोजित इस अभियान में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फिट रहने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
