फावड़े से बाबा की हत्या करने वाला पौत्र गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली/डलमऊ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी पौत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 19 सितम्बर 2026 को पूरे भवानी मजरे रामपुर गहिरखेत निवासी 91 वर्षीय परमेश्वर यादव पर उनके ही पौत्र रूपेश उर्फ सरवन यादव ने फावड़े से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के संबंध में थाना डलमऊ में मुकदमा संख्या 175/26 धारा 105 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत डलमऊ पुलिस ने नामजद आरोपी रूपेश उर्फ सरवन पुत्र स्व. रामशंकर यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उसके बाबा परिवार का ध्यान नहीं रखते थे। परिवार की कृषि भूमि पर बाबा ही खेती करते थे तथा उपज और आय में कोई हिस्सा नहीं देते थे। आरोपी का आरोप है कि बाबा गांव के लोगों के सामने उसका उपहास भी उड़ाते थे, जिससे वह लंबे समय से आक्रोशित था।

इसी रंजिश के चलते उसने गुस्से में आकर अपने बाबा पर फावड़े से हमला कर दिया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त एक अदद फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

Related posts