रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 21 सितम्बर 2026। जिला कारागार, रायबरेली में महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा अपने नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत “मूंज शिल्पकला कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों को पारंपरिक मूंज शिल्पकला का प्रशिक्षण देकर उन्हें रचनात्मक एवं आजीविका उन्मुख गतिविधियों से जोड़ना है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका रहीं। उन्होंने महिला बंदियों को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में अवसर प्रदान करने के लिए एनटीपीसी ऊंचाहार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर एनटीपीसी ऊंचाहार के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख बिश्व मोहन सिंह ने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सम्मानजनक आजीविका का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता कर सीखी गई कला को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान महिला बंदियों को मूंज से विभिन्न उपयोगी एवं सजावटी उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एनटीपीसी ऊंचाहार के सीएसआर प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
