सेवा संकल्प अभियान के तहत महराजगंज ब्लॉक में लगा बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित प्रदेश सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को विकास खंड महराजगंज परिसर में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने एक ही स्थान पर आमजन की समस्याओं का समाधान करते हुए पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजकुमार, खंड विकास अधिकारी अंजू रानी तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाओं का वितरण किया।

वहीं बाल विकास विभाग ने कुपोषण मुक्ति, मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग ने किसानों को उन्नत खेती, सरकारी अनुदान, पीएम किसान सम्मान निधि एवं पशुपालन संबंधी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।इसके अलावा राशन कार्ड संशोधन, ई-केवाईसी, नए आवेदन, शिक्षा, स्वच्छता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीसी सखियों ने डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया।

अधिकारियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं का समाधान कराया।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी विनय कुमार सिंह, सहायक विकास अधिकारी धनेंद्र सिंह, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राजीव त्यागी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related posts