स्वगणना 16 से 20 नवंबर तक, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक चलेगा जनगणना कार्य।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र ने की। प्रशिक्षण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर आशुतोष तिवारी एवं जिला प्रभारी जनगणना काजल रानी ने जनगणना कार्य की रूपरेखा, कार्ययोजना, आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण व्यवस्था, कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना का कार्य 16 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक कराया जाएगा।
इसके बाद मुख्य जनगणना कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।अधिकारियों ने जनगणना कार्य को व्यवस्थित, समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर जोर देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के माध्यम सेअधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, उप जिला जनगणना अधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, चार्ज अधिकारी, डीएलसीसीसी के सदस्य तथा खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
