विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित।

29 सितम्बर को जारी होगी अधिसूचना, 23 अक्टूबर को होगा मतदान।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 22 सितम्बर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, लखनऊ खण्ड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली सरनीत कौर ब्रोका ने जानकारी देते हुए बताया कि खण्ड स्नातक के 05 तथा खण्ड शिक्षक के 06 निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 06 दिसम्बर 2026 को समाप्त हो रहा है।

इन रिक्त होने वाली सीटों को भरने के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितम्बर 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 रहेगी।

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को संपन्न होगी तथा संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के सुसंगत उपबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Related posts