लोन नदी में मछली पकड़ने गए युवक की डूबकर मौत, गांव में मचा कोहराम

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

लालगंज, रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब लोन नदी में मछली पकड़ने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना नोखेराय के पुरवा गांव के पास की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार मृतक लालगंज कोतवाली क्षेत्र के दोस्तपुर गांव का निवासी था। वह रोजमर्रा की तरह लोन नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। काफी देर तक जब युवक का कोई पता नहीं चला तो आसपास मौजूद लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर में नदी में डूबने की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश कराई और शव को नदी से बाहर निकलवाया। युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद दोस्तपुर व आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Related posts