सेवा संकल्प अभियान में 322 दिव्यांगजन लाभान्वित, 206 जोड़ों का सामूहिक विवाह

सहायक उपकरण वितरण के साथ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 194 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिले में मंगलवार को जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजा कॉलेज मैदान, लालबाग में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 322 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए, जबकि महोली के कृषक इंटर कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 206 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 211 ट्राईसाइकिल, 36 बैसाखी, 12 कान की मशीन, 10 मानसिक मंदित किट, 10 लेप्रोसी किट, 13 स्मार्ट केन, 15 व्हीलचेयर और 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। इसके अलावा ओ-लेवल, सीसीसी प्रमाण पत्र तथा शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही और जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं महोली के कृषक इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में ऐलिया के 66, महोली के 54, पिसावां के 70, हरगांव के नौ और महोली नगर पालिका के सात जोड़ों समेत कुल 206 जोड़ों का विवाह हुआ। इनमें 194 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। समारोह में विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, ब्लॉक प्रमुख, एसडीएम महोली, जिला समाज कल्याण अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने हैं। इसमें 21 हजार रुपये की सामग्री तथा 64 हजार रुपये कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जाएंगे, जबकि आयोजन पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। दोनों कार्यक्रमों में अधिकारियों ने पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

Related posts