जीआरपी थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश।

पत्थरबाजी व चोरी की घटनाओं पर जताई गंभीरता, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने पर जोर

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जीआरपी पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने रायबरेली जीआरपी थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों, सीसीटीवी कैमरों, शस्त्रागार तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना प्रभारी सचिन पटेल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने थाने की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, बिजली-पानी व्यवस्था, उपस्थिति रजिस्टर, रिकॉर्ड संधारण और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत थाना परिसर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी के लिए अलग कक्ष की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने उपलब्ध संसाधनों और कर्मचारियों की जरूरतों का आकलन करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया।

रेलवे सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने ट्रेनों में होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं पर विशेष ध्यान दिया।अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष ट्रेनों पर पत्थरबाजी की 17 घटनाएं सामने आई थीं, जबकि इस वर्ष अब तक केवल तीन घटनाएं दर्ज हुई हैं। राहत की बात यह रही कि तीनों मामलों का सफल खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए भी पुलिस अधीक्षक ने सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कराने तथा यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों की पहचान और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।एसपी रोहित मिश्रा ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने ट्रेनों के सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक निगरानी प्रणाली से चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा तथा आरोपियों की पहचान भी आसान होगी।निरीक्षण के दौरान थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता और उनकी कार्यक्षमता की जांच की गई।

साथ ही पुलिसकर्मियों के हथियारों का निरीक्षण कर उनके रख-रखाव की स्थिति का भी जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यात्रियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सचिन पटेल सहित जीआरपी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts