सपनों का भारत-चित्र सेवा कार्यक्रम में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने किया उत्साहवर्धन।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन राजा चंद्रचूड़ सिंह विद्यापीठ इंटर कॉलेज, महराजगंज में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जनमेजय सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देते हुए शिक्षा, संस्कार और सेवा भावना को जीवन का आधार बताया।कार्यक्रम में महराजगंज ब्लॉक के 14 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने निबंध, चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से अपने सपनों के भारत की झलक प्रस्तुत की।

प्रतिभागियों की रचनात्मकता, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विचारों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।मुख्य अतिथि जनमेजय सिंह ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें राष्ट्र सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं जीआईसी की प्रधानाचार्य अनीता सिंह ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं राजा चंद्रचूड़ सिंह विद्यापीठ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वी.के. सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related posts