खनन विभाग की कार्रवाई में बाधा डालने वालों पर एफआईआर की संस्तुति

खनन विभाग की कार्रवाई में बाधा डालने वालों पर एफआईआर की संस्तुति।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

लालगंज/रायबरेली। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान प्रवर्तन टीम के कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। खान निरीक्षक सुरेश लकेड़ा ने लालगंज थाना प्रभारी को प्रेषित पत्र में बताया कि 23 सितंबर 2026 को सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच खनिज भवन, लखनऊ की प्रवर्तन टीम द्वारा सरेनी क्षेत्र स्थित बाईपास के पास अवैध परिवहन एवं ओवरलोड वाहनों की जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान करीब 10 से 15 गाड़ियों के मालिक मौके पर पहुंच गए और प्रवर्तन टीम को घेरकर कार्रवाई रोकने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि कुछ लोगों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की भी की। मामले की जानकारी तत्काल जिलाधिकारी कार्यालय और अपर जिलाधिकारी को दी गई।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर बिना वैध परिवहन प्रपत्रों के वाहनों को ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अवैध खनन और परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है। प्रवर्तन टीम द्वारा खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम-1957, उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम-1984 के तहत कार्रवाई की जा रही थी।

खान निरीक्षक ने थाना लालगंज से संबंधित वाहन स्वामियों, ढाबा संचालकों एवं पेट्रोल पंप मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार सुसंगत धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Related posts