धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हरचंदपुर/रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ कथित अभद्र नारेबाजी किए जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं ने हरचंदपुर थाने में धरना दिया। मंडल अध्यक्ष हर्षित सिंह तोमर के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक युवक द्वारा सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं।
कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई गई और नारेबाजी की गई। सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।थाना प्रभारी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
