धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। थाना चंदापुर क्षेत्र के पहरावां स्थित शिवप्रसाद गंज में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के कामकाज में जुटी एक महिला को संदिग्ध ज़हरीले जीव ने काट लिया। कुछ ही देर में महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह अचेत होने लगी। परिजनों ने बिना समय गंवाए उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पहरावां (शिवप्रसाद गंज) निवासी आशा पत्नी जगदीश रविवार को अपने घर पर घरेलू कार्य कर रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात ज़हरीले जीव ने उन्हें काट लिया। शुरुआत में महिला ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उन्हें चक्कर आने लगे और हालत बिगड़ने लगी। महिला को अचेत होता देख परिजनों मेंअफरा-तफरी मच गई।परिजन तत्काल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉ. एस. के. राय ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों ने महिला की हालत को गंभीर पाते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में महिला का इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में खेतों और घरों के आसपास निकलने वाले विषैले जीव-जंतुओं से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं परिजन महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
