पति ने पत्नी पर लगाया झूठी शिकायत कर पिटवाने का आरोप, क्षेत्राधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर झूठी शिकायत कर पुलिस से पिटवाने का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। पीड़ित सोहनलाल का कहना है कि वह ग्रेटर नोएडा में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।सोहनलाल के अनुसार उसकी गैरमौजूदगी में पत्नी मोनी का किसी अन्य व्यक्ति से लगातार संपर्क रहता है। उसने पत्नी को अपने साथ शहर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने जाने से इंकार कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पत्नी का मोबाइल देखने की कोशिश की तो उसने सिम कार्ड तोड़ दिया।शिकायत में सोहनलाल ने आरोप लगाया है कि पत्नी ने उसके खिलाफ थुलवांसा चौकी में झूठी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद चौकी पुलिस ने उसके साथ मारपीट की। उसने बताया कि पिटाई से उसे चोटें आई हैं। साथ ही पत्नी द्वारा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

वहीं, थुलवांसा चौकी प्रभारी राहुल मित्रा ने बताया कि संबंधित व्यक्ति उनसे मिलने नहीं आया है। क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts