अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल, महिला की हालत गंभीर।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

गुरबक्शगंज/रायबरेली। गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के लालगंज-रायबरेली संपर्क मार्ग पर सोमवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सराय दिगोसा निवासी बुद्धीलाल अपनी पत्नी प्रमिला (40 वर्ष) के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पूरे भवानी बक्श के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सीएचसी जतुवा टप्पा भेजा गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रमिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि बुद्धीलाल का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। चौकी प्रभारी सचिन सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

और अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related posts