सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का तीसरे दिन भी उमड़ा फरियादियों का जन सैलाब, आए फरियादियों को मिल रहा तत्काल सुविधा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। विकासखंड त्रिवेदीगंज क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी प्रियंका सिंह ने की।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग , आंगनबाड़ी, ग्राम्य विकास, एडीओ समाज कल्याण विभाग अल्का, वही ग्राम विकास विभाग से विनय कुमार शुक्ला द्वारा बताया गया कि लगभग आधा दर्जन लोगों को सुविधा दी गई तो वही भिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसमें आईसीडीएस, ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

समाज कल्याण विभाग की ओर से अल्का रावत ने उपस्थित लोगों को कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी तथा करीब आधा दर्जन लोगों का पंजीकरण किया गया।

वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा शिविर में पहुंची महिलाओं को बाल विकास एवं पोषण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को विभाग की ओर से मिलने वाली सुविधाओं एवं योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिसने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई तथा विभागीय सेवाओं के बारे में जागरूक किया।

खंड विकास अधिकारी प्रियंका सिंह ने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एवं उनका लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ली और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया।

Related posts