रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की 157वीं जयन्ती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में मध्यस्थता, सुलह, वैकल्पिक विवाद निवारण एवं अहिंसा विषय पर विधिक संगोष्ठी का आयोजन एडीआर सेंटर छजलापुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा ने महात्मा गाँधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पार्पण कर किया।सचिव ने मध्यस्थता एवं वैकल्पिक विवाद निवारण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वादों का निस्तारण मध्यस्थता के माध्यम से कराने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि अहिंसा का अर्थ केवल किसी को शारीरिक क्षति न पहुंचाना ही नहीं, बल्कि मन, वचन और कर्म से भी किसी का अहित न करना है।
इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वाधान में जागरुकता रैली निकाली गई। सचिव अनिशा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली गुरु प्रसाद मेमोरियल हॉस्पिटल चौराहा, जिलाधिकारी आवास एवं कानपुर रोड होते हुए विद्यालय परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली के उपरांत विशेष पॉक्सो जागरुकता अभियान के तहत छात्राओं के लिए जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. स्मिता मिश्रा सहित विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक एवं सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।
