पिता रामफेर ने एसपी रवीना त्यागी से लगाई न्याय की गुहार
थाना रामनगर क्षेत्र के विछलखा गांव का पूरा मामला
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रामनगर, बाराबंकी। कोतवाली रामनगर क्षेत्र के ग्राम बिछलखा में ब्याज के लेन-देन को लेकर की जा रही प्रताड़ना और धन उगाही से तंग आकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त तहरीर के अनुसार प्रार्थी रामफेर पुत्र नानक सरन निवासी बिछलखा ने बताया कि उसके पुत्र हरिओम का गांव के ही राहुल मिश्रा पुत्र अखिलेश मिश्रा, अखिलेश मिश्रा पुत्र शम्भू व नितिन मिश्रा पुत्र ननकू मिश्रा से ब्याज पर रुपयों का लेन-देन था। आरोप है कि हरिओम ने उनसे ब्याज पर कुछ रुपये लिए थे, जिसके एवज में वह काफी रुपया व जेवरात आदि दे चुका था, फिर भी ब्याज-धनराशि खत्म नहीं हुई।
आरोप है कि उक्त लोग उसके पुत्र को आए दिन मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर और रुपयों की मांग कर रहे थे। दिनांक 03.10.2026 को यादव डॉक्टर के माध्यम से हरिओम को बुलवाकर धमकाया गया और घर से 5000 रुपये व जेवरात (पायल, बाला, नथनी) ले जाने को मजबूर किया गया। इसके बाद भी आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा।
तहरीर में कहा गया है कि दिनांक 08.10.2026 को दोपहर में हरिओम को फिर घर बुलाकर रुपयों की मांग की गई और न देने पर गाली-गलौज व मारने की धमकी दी गई। इससे आहत होकर हरिओम घर आया और दोपहर करीब 01:00 बजे उसने आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। देर रात शव घर आया और आज सुबह अंतिम संस्कार किया गया।
पिता रामफेर ने पुलिस अधीक्षक बाराबंकी रवीना त्यागी को दिनांक 10.10.2026 को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
