बाउंड्रीवाल गिराने का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार।

राजस्व और पुलिसकर्मियों पर भी अभद्रता व धक्का-मुक्की के आरोप, दो लाख रुपये के नुकसान का दावा।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा

रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में जमीन और बाउंड्रीवाल को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। पूरे गोपाल मजरे मनेहरू निवासी अमरेश बाजपेयी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर विपक्षी पक्ष के साथ कुछ राजस्व और पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।शिकायती पत्र के मुताबिक, अमरेश बाजपेयी पुत्र कमल किशोर बाजपेयी का विनय बाजपेयी व अन्य लोगों से पहले से विवाद चल रहा है।

इस संबंध में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है।अमरेश का आरोप है कि 14 अक्टूबर 2026 को शाम करीब चार बजे विनय बाजपेयी, विनीत बाजपेयी और रमाकांत बाजपेयी समेत अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और उनकी बाउंड्रीवाल तोड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ गई।

शिकायतकर्ता ने मौके पर मौजूद कुछ राजस्व और पुलिसकर्मियों पर भी उनके तथा परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना पूर्व सूचना अथवा आदेश की जानकारी दिए ट्रैक्टर से बाउंड्रीवाल का कुछ हिस्सा गिरा दिया गया।

पीड़ित के मुताबिक, बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त होने से उन्हें करीब दो लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने 16 अक्टूबर को जिलाधिकारी रायबरेली को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित अधिकारियों और विपक्षी पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।

Related posts