मिशन शक्ति: सभी तहसीलों में लगा पिंक समाधान दिवस, डीएम-एसपी ने मिश्रिख में सुनीं समस्याएं

महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर, हेल्पलाइन और सुरक्षा योजनाओं के प्रति किया जागरूक

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपद की सभी तहसीलों में पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं की शिकायतें सुनने के लिए विशेष पिंक बूथ और काउंटर स्थापित किए गए।

तहसील मिश्रिख में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं उपस्थित रहकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

मिश्रिख तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से किया जाए।

शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया गया।

जनपद की अन्य तहसीलों में भी पिंक समाधान दिवस के तहत विशेष व्यवस्था की गई। मिशन शक्ति पुलिस टीमों ने तहसील परिसरों में मौजूद महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं को अपनी शिकायतें रखने के लिए सहज वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस दौरान महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और वन स्टॉप सेंटर जैसी सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया, ताकि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में उन्हें समय पर सहायता मिल सके।

प्रशासन के अनुसार मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के साथ शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

Related posts