कांच की बोतलों से हमला कर युवक को किया लहूलुहान!

सुरजीत लोधी ने गांव के दो लोगों पर लगाया मारपीट का आरोप, एसपी और डीएम से लगाई न्याय की गुहार।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के पोरई चौराहे पर मारपीट और कांच की बोतलों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित सुरजीत लोधी ने गांव के ही रिंकू सिंह और भूपेंद्र सिंह पर गाली-गलौज, मारपीट तथा जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में घायल सुरजीत ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित के मुताबिक, वह किसी आवश्यक कार्य से पोरई चौराहे पर गए थे। आरोप है कि वहां रिंकू सिंह पुत्र शिवबरन सिंह और भूपेंद्र सिंह पुत्र श्याम बहादुर सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने कथित तौर पर मारपीट करते हुए कांच की बोतलों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुरजीत तथा रिंकू सिंह को थाने ले गई। इसके बाद सुरजीत को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रिंकू सिंह को थाने से जाने दिया गया, जबकि उनकी शिकायत पर अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। फिलहाल, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts