सड़क किनारे बने डिवाइडर से संकरा हुआ रास्ता, हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश; डिवाइडर हटाने की उठी मांग।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के नंदा खेड़ा गांव के पास बुधवार दोपहर बांदा-बहराइच हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनका 18 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार, भुजवन खेड़ा मजरे सराय उमर निवासी रामनरेश उर्फ भन्नडोले (45) पुत्र विश्राम बुधवार दोपहर करीब एक बजे अपने बेटे विकास (18) के साथ बाइक से बछरावां से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान नंदा खेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामनरेश डंपर के पहिये के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुत्र विकास घायल हो गया।डिवाइडर को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क की पटरी पर बने डिवाइडर को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि डिवाइडर के कारण सड़क पर आवागमन का रास्ता संकरा हो गया है,
जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से डिवाइडर हटाने अथवा उसकी स्थिति में सुधार कर रास्ते को पर्याप्त चौड़ा करने की मांग की है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
