एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा पवन यादव, परिवार में मचा कोहराम।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/रायबरेली। महराजगंज-दुसौती मार्ग पर दशहरा के दिन हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मंगलवार सुबह एम्स रायबरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और चार वर्षीय बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चंदापुर थाना क्षेत्र के मोहब्बत नगर मजरे बघैल गांव निवासी पवन कुमार यादव (30) पुत्र पितई यादव बीती 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के दिन बाइक से पहरेमऊ जा रहे थे। गांव से बाहर निकलते ही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और पवन गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें सीएचसी अमावां ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें एम्स रायबरेली भेजा गया।
यहां करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।परिजनों की सूचना पर पहुंची चंदापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
