द सूफी ख्याल बैंड की सुरमयी प्रस्तुतियों ने बांधा समां धनंजय मित्तुल और नीतीश सिंह की गायकी पर झूमे दर्शक

दम दम मस्त कलंदर’ और ‘छाप तिलक’ सहित लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों से यादगार बनी देवा मेले की शनिवार की सांस्कृतिक शाम*

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी। देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 की सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार की शाम आयोजित संगीत संध्या में द सूफी ख्याल बैंड के कलाकारों ने अपनी शानदार गायकी और मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बैंड के गायक धनंजय मित्तुल और नीतीश सिंह की सुरीली जोड़ी ने अपनी दमदार आवाज, अनूठे अंदाज और शानदार संगीत संयोजन से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने गीत, उनके अंदाजे करम से की। इसके बाद ‘तू माने या ना माने दिलदारा’, ‘दम दम मस्त कलंदर’, ‘ये तूने क्या किया’, ‘दिल पर ज़ख्म खाते ही’, ‘छाप तिलक’ और ‘मेरा पिया घर आया’ जैसे लोकप्रिय गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया। विशेष रूप से सूफियाना रंग में सजे गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

धनंजय और नीतीश की जुगलबंदी, सुरों की मिठास और मंच पर उनकी ऊर्जा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण प्रतिक्रियाओं के साथ कलाकारों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।

द सूफी ख्याल बैंड की शानदार प्रस्तुतियों के साथ देवा मेले की शनिवार की सांस्कृतिक शाम संगीत, सुर और सूफियाना अंदाज के नाम रही।

Related posts