धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली, 05 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदेय स्थलों के संभाजन संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद रायबरेली जनपद में मतदेय स्थलों और मतदान केंद्रों की नई स्थिति निर्धारित कर दी गई है। इसके तहत जिले में अब कुल 2409 मतदेय स्थल और 1470 मतदान केंद्र अनुमोदित किए गए हैं।
संभाजन के बाद मतदेय स्थलों की संख्या में 42 की कमी आई है, जबकि मतदान केंद्रों की संख्या में 12 की वृद्धि हुई है।इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का संभाजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि संभाजन से पहले जनपद में कुल 2451 मतदेय स्थल थे, जिनकी संख्या घटकर अब 2409 रह गई है। वहीं, पहले 1458 मतदान केंद्र थे, जो बढ़कर 1470 हो गए हैं। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संभाजन की प्रक्रिया, उसके आधार और विधानसभा क्षेत्रवार अनुमोदित मतदेय स्थलों एवं मतदान केंद्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
