मिट्टी खनन और ढुलाई पर सवाल, सरकारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के इस्तेमाल की जांच की मांग

पांच-छह दिनों से सुबह 11 बजे तक ढोई जा रही पीली मिट्टी, सभासद ने एसडीएम से की शिकायत

धारा लक्ष्य समाचार

बाराबंकी। नगर पंचायत बेलहरा में पिछले पांच-छह दिनों से सरकारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पीली मिट्टी की ढुलाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सुबह से करीब 11 बजे तक चल रहे इस काम में मिट्टी कैथा भुंड से खोदी जा रही है, लेकिन उसका उपयोग कहां और किस निर्माण कार्य में हो रहा है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

मामले में पिछड़ा वर्ग जिला मंत्री एवं सभासद सुनील सोनी ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर जांच की मांग की है। एसडीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजेश चौधरी ने बताया कि उन्हें मिट्टी की ढुलाई की जानकारी नहीं है। वह जनगणना प्रशिक्षण के सिलसिले में बाहर हैं। लौटने पर जानकारी लेकर बताएंगे।

वहीं नगर पंचायत के बाबू चंदन नेगी का कहना है कि मिट्टी आरसीसी सड़कों के निर्माण वाले स्थानों पर डाली जा रही है। उनके मुताबिक इंटरलॉकिंग से पहले जमीन का भराव कराया जाता है, जबकि इसका खर्च संबंधित एस्टीमेट में शामिल नहीं होता।

दूसरी ओर, जानकारों का कहना है कि इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के ठेके में मिट्टी पटान का प्रावधान भी शामिल होता है। ऐसे में मिट्टी की खुदाई, ढुलाई और उपयोग का विवरण सामने आना जरूरी है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अयाज खान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पंचायत मिट्टी की खुदाई का स्थान, ढुलाई की मात्रा, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के इस्तेमाल और मिट्टी डाले जाने वाले निर्माण स्थलों का ब्योरा सार्वजनिक करे, ताकि सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके।

Related posts