नवोदय चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, पांच घायल; तीन जिला अस्पताल रेफर।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर नवोदय चौराहे के निकट तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों बाइकों पर सवार युवक महराजगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रायबरेली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया।

घायलों में तेजस रस्तोगी (16), सचिन (26), अर्पित, प्रांजल यादव (23) और सुमित वर्मा (16) शामिल हैं। चिकित्सक गणनायक पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में घायल पांच लोगों को सीएचसी लाया गया था, जिनमें तेजस, सचिन और प्रांजल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया,

जबकि दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।वहीं, कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts