जिला जज और डीएम ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, बंदियों से जाना हाल।

बैरकों से लेकर भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिला जज सैयद माऊज बिन आसिम एवं जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शुक्रवार को जिला कारागार रायबरेली का निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, रसोईघर, चिकित्सालय, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला जज और डीएम ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। बंदियों के मुकदमों, जमानत, गवाही और आरोपों से संबंधित मामलों के बारे में भी पूछताछ की गई। अधिकारियों ने समस्याओं का समयबद्ध एवं नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए।

बैरकों में बीमार दिखाई देने वाले बंदियों को जेल चिकित्सक के माध्यम से समुचित उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।इसके साथ ही कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन वितरण और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। जेल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिशा, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जेलर हिमांशु रौतेला सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts