डिघिया चौराहे के पास वारदात, पुलिस ने आरोपी को बाइक समेत दबोचा।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में गन्ना बेचने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। डिघिया चौराहे के पास शुक्रवार रात दबंगों ने गन्ना बेच रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। घायल को आनन-फानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर की रात करीब नौ बजे डिठवान त्योहार के दौरान गन्ना बेचने को लेकर जितेंद्र उर्फ विकास सोनकर और दूसरे पक्ष के बीच दाम को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच दूसरे पक्ष ने धारदार हथियार से जितेंद्र पर हमला कर दिया।
सिर पर वार लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मिल एरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले के आरोपी को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया।
मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी को बाइक सहित पकड़ लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गन्ने के दाम को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक के लिए जानलेवा साबित होते-होते रह गया, वहीं इलाके में घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
