अतिक्रमण से कराह रहा महाराजगंज, जाम में फंसी एंबुलेंस; जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महाराजगंज/रायबरेली। महाराजगंज कस्बे में सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को बदहाल कर दिया है। रायबरेली रोड पर सोमवार को भीषण जाम लग गया, जिसमें एंबुलेंस तक फंस गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चन्दापुर चौराहे से तहसील गेट तक सड़क किनारे लगी दुकानों और पटरी पर किए गए।

अतिक्रमण के चलते आवागमन लगातार बाधित हो रहा है। थाना महाराजगंज से बस स्टॉप तिराहे तक अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क पर दुकानदारों का कब्जा और बेतरतीब खड़े वाहन यातायात की समस्या को और गंभीर बना रहे हैं।सबसे चिंताजनक स्थिति तब पैदा होती है, जब जाम में एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं फंस जाती हैं।

ऐसे में मरीजों की जान पर भी खतरा बन सकता है। आम जनता रोजाना इस समस्या से जूझ रही है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नजर नहीं आ रहा।नगर पंचायत प्रशासन यदि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और सड़क किनारे दुकानों को व्यवस्थित कराए, तो कस्बे की यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती है।

सवाल यह है कि आखिर कब तक महाराजगंज की जनता अतिक्रमण और जाम की परेशानी झेलती रहेगी और कब जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेकर ठोस कदम उठाएंगे?

सड़क जनता के चलने के लिए है, कब्जा जमाने के लिए नहीं—और एंबुलेंस का जाम में फंसना व्यवस्था के लिए खतरे की घंटी है।

Related posts